मुजफ्फरनगर के पुरकाजी नगर पंचायत सभागार में कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर व्यापारियों, समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य कांवड़ यात्रा को अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए स्थानीय लोगों से सुझाव लेना था। नगर पंचायत चेयरमैन जहीर फारुकी ने सभी से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा की व्यवस्था करना पूरे कस्बे के लिए गर्व का विषय है और सभी के सामूहिक प्रयास से शिवभक्तों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। बैठक में उपस्थित लोगों ने यात्रा के सफल संचालन के लिए अपने-अपने सुझाव दिए, जिन्हें अधिशासी अधिकारी मनीष वर्मा ने दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बैठक के दौरान चेयरमैन जहीर फारुकी ने घोषणा की कि इस बार पुरकाजी की ओर से लाला सुखलाल सनातन धर्म इंटर कॉलेज परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने भंडारे के लिए अपनी ओर से एक लाख रुपये की सहयोग राशि देने की घोषणा की। इसके बाद व्यापारियों और समाजसेवियों ने भी बढ़-चढ़कर सहयोग का भरोसा दिलाया। संजय शर्मा ने एक लाख रुपये, जबकि मनीष गोयल, मोनू प्रधान और निखिल गोयल ने 51-51 हजार रुपये देने की घोषणा की। भाजपा के वरिष्ठ नेता भारती खुल्लर ने भी हरसंभव सहयोग के साथ 31 हजार रुपये देने का ऐलान किया। अमित आसाम, दीपक माहेश्वरी, डॉ. महावीर सहित अनेक व्यापारियों ने भी आर्थिक सहयोग की घोषणा की। चेयरमैन की पहल पर मात्र पांच मिनट में करीब सात लाख रुपये से अधिक की राशि एकत्र हो गई।
बैठक में मौजूद लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कांवड़ यात्रा की सभी व्यवस्थाओं में पूर्ण सहयोग देने का संकल्प लिया। इस अवसर पर निसार मेम्बर, डॉ. मथुरा प्रसाद शर्मा, हरिराम सक्सेना, दारा सिंह सैनी, सुनील गोयल, पप्पू परचून, निर्दोष जैन, श्याम सुंदर, वंश अग्रवाल, अंकुर सिंघल, संजय इलेक्ट्रॉनिक्स सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।























































