ईद-अल-अजहा पर मुजफ्फरनगर में शांति और सुरक्षा के बीच सम्पन्न हुई नमाज, पुलिस-प्रशासन मुस्तैद

मुजफ्फरनगर जनपद में ईद अलअजहा पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। त्योहार के दृष्टिगत जिला प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारी की गई। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा लगातार पुलिस बल के साथ क्षेत्र में भ्रमणशील रहे और सुरक्षा प्रबंधों का निरीक्षण किया। धार्मिक स्थलों और ईदगाहों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों ने धर्मगुरुओं स्थानीय नागरिकों से संवाद किया और उन्हें ईद की शुभकामनाएं दीं। साथ ही सभी से आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात पुलिस बल को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने, सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यातायात व्यवस्था को भी सुदृढ़ रखने के लिए आवश्यक दिशानिर्देश दिए गए। आमजन से अपील की गई कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान दें और किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। ड्रोन कैमरों से निगरानी की व्यवस्था भी की गई, जिससे किसी भी स्थिति पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। इस अवसर पर एडीएम संजय कुमार, नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर, पुलिस अधीक्षक नगर सत्यानारायण प्रजापत, क्षेत्राधिकारी नगर राजू कुमार साव सहित अन्य पुलिस प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल ने बुढाना क्षेत्र स्थित ईदगाह का दौरा किया। उन्होंने स्थानीय लोगों को ईद की शुभकामनाएं दीं और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सुरक्षा संबंधी निर्देश प्रदान किए। पूरे जनपद में ईद का पर्व सौहार्द, शांति और सुरक्षा के साथ मनाया गया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts