धौलपुर जिले में राजस्थान पटवार संघ ने 9 सूत्रीय मांग पत्र को लेकर आंदोलन तेज कर दिया है। तहसील और उपखंड कार्यालयों पर धरना दिया जा रहा है। संघ के पूर्व अध्यक्ष रामनिवास ने बताया कि सरकारी कार्य के लिए बनाए गए व्हाट्सएप ग्रुपों से सभी पटवारी बाहर हो गए हैं। संघ ने 16 जनवरी से सामूहिक अवकाश और बहिष्कार की घोषणा की है। 20 जनवरी को जिला मुख्यालय पर धरना दिया जाएगा।
संघ की मुख्य मांगों में गिरदावरी के लिए सर्वेयर नियुक्ति रोकने, 1035 पटवार मंडलों और भानोत कमेटी में वित्तीय स्वीकृति जारी करने, लंबित डीपीसी शीघ्र पूरी करने, 752 नवसृजित भू-अभिलेख निरीक्षकों की पत्रावली का निस्तारण, पटवारियों के लिए संसाधनों और फर्नीचर की व्यवस्था, पदोन्नति कोटा बढ़ाने, तहसीलदार के पद पर संपर्क कोटे का पुनर्निर्धारण, वरिष्ठता सूची को निरस्त करना, और हार्ड ड्यूटी एवं स्टेशन भत्तों में बढ़ोतरी की मांगें शामिल हैं।
बसेड़ी तहसील कार्यालय पर धरने में धर्मेंद्र गुर्जर, शैलेंद्र सिंह, मोहर सिंह, कृष्ण कुमार, जितेंद्र कुमार, राहुल कुमार, दीपक, और संतोष मीणा सहित सभी पटवारी उपस्थित रहे।























































