मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत डीएवी डिग्री कॉलेज में UPSC, UPPCS,NEET और IITJEE की तैयारी कर रहे छात्रछात्राओं के लिए मोटिवेशनल क्लास का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, उप जिलाधिकारी कृष्णकांत विश्वकर्मा और जिला समाज कल्याण अधिकारी कमलेश कुमार ने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मार्गदर्शन दियाजिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने कहा कि सफलता के लिए स्पष्ट लक्ष्य, नियमित अध्ययन, अनुशासन, निरंतर अभ्यास और सकारात्मक सोच जरूरी है।
उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखते हुए पूरी मेहनत और लगन से लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया।मुख्य विकास अधिकारी ने समय प्रबंधन और प्रभावी अध्ययन रणनीति पर महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि पाठ्यक्रम की समझ, नियमित रिवीजन, मॉक टेस्ट और पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों का अभ्यास प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए बेहद उपयोगी है। उप जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को चुनौतियों का धैर्य और आत्मविश्वास के साथ सामना करने की सलाह दी।जिला समाज कल्याण अधिकारी ने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत उपलब्ध निःशुल्क कोचिंग और मार्गदर्शन की जानकारी दी। उन्होंने छात्रों से नियमित कक्षाओं में उपस्थित रहकर विशेषज्ञ शिक्षकों का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अधिकारियों से संवाद कर परीक्षा संबंधी सवाल पूछे, जिनका समाधान किया गया। इस दौरान प्राचार्य योगेश त्यागी, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
























































