मुजफ्फरनगर। लखनऊ में शिक्षा निदेशक, माध्यमिक शिक्षा, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में आयोजित प्रदेश स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में मंडल सहारनपुर के जनपद मुजफ्फरनगर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न आयु वर्गों में पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज, जड़ौदा और डीएवी इंटर कॉलेज, जानसठ के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
अंडर-14 वर्ग में होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज, जड़ौदा के आर्यन एवं युग दहिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। वहीं अंडर-17 वर्ग में इसी विद्यालय के खिलाड़ी रिहान ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। अंडर-19 वर्ग में डीएवी इंटर कॉलेज, जानसठ के आर्यन कुमार एवं शरद सिंह ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीतकर विद्यालय और जनपद का गौरव बढ़ाया।
खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज के शिक्षक सत कुमार एवं कराटे कोच मनोज कुमार लखनऊ पहुंचे। उन्होंने प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया। मुजफ्फरनगर से खेल प्रभारी प्रमोद कुमार का भी खिलाड़ियों की तैयारी और प्रतियोगिता में सहभागिता के लिए विशेष सहयोग रहा।
पदक जीतकर लौटे खिलाड़ियों को विद्यालय परिवार ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा को निखारने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों के प्रति आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। उनकी सफलता से मंडल सहारनपुर और जनपद मुजफ्फरनगर का गौरव बढ़ा है।























































