मुजफ्फरनगर। नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज में करीब एक बजे मिशन शक्ति अभियान के तहत ‘हौसले की पाठशाला’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा और पुलिस अधीक्षक देहात ने छात्राओं से संवाद कर उन्हें आत्मविश्वास, सुरक्षा और शिक्षा के प्रति जागरूक किया। अधिकारियों ने छात्राओं की समस्याएं सुनीं और उन्हें खुलकर अपनी बात रखने के लिए प्रेरित किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने छात्राओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे अपने जीवन में लक्ष्य निर्धारित करें और उसे हासिल करने के लिए पूरी मेहनत व लगन से आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि छात्राएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं और शिक्षा के माध्यम से वे अपने सपनों को साकार कर सकती हैं। उन्होंने छात्राओं को विपरीत परिस्थितियों में भी हिम्मत न हारने तथा आत्मविश्वास बनाए रखने की सीख दी।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्हें साइबर अपराध, सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल, महिला हेल्पलाइन तथा आपात स्थिति में पुलिस की सहायता लेने के तरीकों के बारे में बताया गया। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी तरह की परेशानी या उत्पीड़न होने पर छात्राएं चुप न रहें और तत्काल परिजनों, शिक्षकों या पुलिस को जानकारी दें।
छात्राओं ने भी पुलिस अधिकारियों से विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे। अधिकारियों ने उनके सवालों का जवाब देते हुए सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियां बताईं। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें अपने अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने आत्मनिर्भर बनने और समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने का संकल्प लिया।























































