मुजफ्फरनगर। मोहल्ला रामपुरी में लंबे समय से बनी जलनिकासी और जलभराव की समस्या को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने मेरठ रोड स्थित लोक निर्माण विभाग (PWD) गेस्ट हाउस में संबंधित विभागों के अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक बुलाकर समस्या के त्वरित और स्थायी समाधान के निर्देश दिए। बैठक में मंत्री ने क्षेत्र की मौजूदा जलनिकासी व्यवस्था, उपलब्ध भूमि, तकनीकी चुनौतियों और प्रस्तावित कार्ययोजना की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ तेजी से कार्रवाई सुनिश्चित करें। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर भूमि का परीक्षण किया जाए तथा जलनिकासी के लिए आवश्यक तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करते हुए स्थायी समाधान की योजना तैयार कर कार्य शुरू कराया जाए। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में जलभराव के कारण लोगों को होने वाली परेशानी अस्वीकार्य है और जनहित से जुड़े कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता पर पूरे किए जाएं।
कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार प्रत्येक नागरिक को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और जनप्रतिनिधियों व प्रशासन के समन्वित प्रयासों से क्षेत्र की हर समस्या का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक में नगर पालिका परिषद की चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अभिषेक सिंह, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी पवन कुमार, जल निगम के अधिशासी अभियंता अबु जेद, अधिशासी अभियंता संजीव कुमार, उपजिलाधिकारी सदर शुभम श्रीवास्तव, तहसीलदार राधेश्याम गौड़, नायब तहसीलदार हरेंद्र पाल, लेखपाल शाहबुद्दीनपुर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।























































