कांवड़ यात्रा की सुरक्षा पर डीएम-एसएसपी सख्त, मार्ग से नहर तक किया निरीक्षण.

मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुगम और दुर्घटनामुक्त ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने खतौली थाना क्षेत्र में कांवड़ मार्ग का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन, डायवर्जन योजना और श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों और पुलिस बल को निर्देश दिए गए कि कांवड़ियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे तथा किसी भी समस्या की सूचना मिलते ही तत्काल उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए। अधिकारियों ने मार्ग पर स्थापित विभिन्न कांवड़ शिविरों का निरीक्षण कर चिकित्सा, पेयजल, विश्राम और अन्य आवश्यक सुविधाओं की गुणवत्ता परखी।

इसके साथ ही कांवड़ मार्ग पर स्थित होटल और भोजनालयों में पहुंचकर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और साफ-सफाई की जांच की गई। होटल संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि श्रद्धालुओं को केवल ताजा, स्वच्छ और गुणवत्ता युक्त भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए। निरीक्षण के क्रम में दोनों अधिकारियों ने जल पुलिस की इन्फ्लेटेबल मोटर बोट से नहर क्षेत्र का भ्रमण कर जलस्तर, घाटों की सुरक्षा, बैरिकेडिंग, जल पुलिस की तैनाती और रेस्क्यू तैयारियों का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि जल क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जाए और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रभावी बचाव अभियान चलाया जाए। अंत में सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात, जल सुरक्षा, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की निरंतर निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts