‘माय भारत’ पोर्टल पर युवाओं के शत-प्रतिशत पंजीकरण के निर्देश,

मुजफ्फरनगर, मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण की अध्यक्षता में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत जिला सलाहकार समिति (DAC) और जिला समन्वय समिति (DSC) की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में ‘माय भारत’ पोर्टल पर सघन पंजीकरण अभियान की समीक्षा करना तथा अधिक से अधिक युवाओं को राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ना रहा। जिला युवा अधिकारी ने बताया कि ‘माय भारत’ 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के लिए एक फिजिकल-डिजिटल (फिजिटल) मंच है, जहां उन्हें स्वयंसेवा, अनुभवात्मक शिक्षण और नेतृत्व विकास के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके माध्यम से वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम, विकसित युवा संसद, स्वतंत्रता दिवस प्रतियोगिता और बजट क्विज़ जैसी गतिविधियों में भागीदारी कर युवा नकद पुरस्कार और 15 अगस्त को लाल किले पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए ई-निमंत्रण प्राप्त कर सकते हैं।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विद्यालयों और महाविद्यालयों के प्राचार्यों की बैठक आयोजित कर शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। प्रत्येक शिक्षण संस्थान में ‘माय भारत’ नोडल अधिकारी नामित करने तथा ब्लॉक स्तर पर खंड विकास अधिकारियों, ग्राम पंचायतों और सीएससी के सहयोग से विशेष पंजीकरण शिविर लगाने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने जिला एवं ब्लॉकवार पंजीकरण लक्ष्य निर्धारित कर नियमित समीक्षा करने के निर्देश जिला युवा अधिकारी को दिए।

बैठक में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान की भी समीक्षा की गई। इसके तहत नशा मुक्त क्विज़, लघु फिल्म एवं रील प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतिज्ञा अभियान, हस्ताक्षर दीवार और फिट इंडिया खेल गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की रणनीति बनाई गई। अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। बैठक में जिला विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला युवा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts