मिशन शक्ति 5.0 के तहत मुजफ्फरनगर जिला कारागार का निरीक्षण, महिला बंदियों की समस्याओं का तत्परता से हुआ निस्तारण

मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को सशक्त बनाने के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत 16 अक्टूबर 2025 को जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा तथा पुलिस अधीक्षक अपराध और मिशन शक्ति की नोडल अधिकारी इन्दु सिद्धार्थ द्वारा जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने महिला बंदियों की सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था एवं जेल में उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत व्यवस्थाओं का गहनता से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने महिला बंदियों से सीधे संवाद स्थापित कर उनके रहने, भोजन, चिकित्सा, स्वच्छता एवं कानूनी सहायता की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। महिला बंदियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं, जिनके समाधान के लिए जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए। एक महिला बंदी ने शिकायत की कि उसे वकील उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिस पर अधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि उसे तुरंत विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि न्यायिक प्रक्रिया में उसे कोई कठिनाई न हो।

इसी प्रकार, एक अन्य महिला बंदी ने बताया कि वह अपने बच्चे से लंबे समय से नहीं मिल पाई है। इस पर अधिकारियों ने थाना कोतवाली नगर पुलिस को निर्देशित किया कि महिला बंदी को उसके बच्चे से शीघ्र मिलवाया जाए। वहीं, एक अन्य बंदी ने बताया कि उसके बच्चों का नाम विद्यालय से काट दिया गया है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विद्यालय की जानकारी लेकर बच्चों का नाम पुनः विद्यालय में जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों की शिक्षा प्रभावित न हो।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक अपराध ने जेल प्रशासन को सख्त निर्देश दिए कि महिला बंदियों की सुरक्षा, सम्मान एवं मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। उन्होंने कहा कि प्रत्येक महिला बंदी को न्यायोचित सहायता समय से उपलब्ध कराई जाए और जेल परिसर में स्वच्छता, भोजन व स्वास्थ्य संबंधी सभी मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए।

अंत में अधिकारियों द्वारा महिला बंदियों के बीच फल, कपड़े, बच्चों के लिए खिलौने एवं अन्य आवश्यक वस्तुएं वितरित की गईं। अधिकारियों ने महिला बंदियों से आत्मविश्वास बनाए रखने, शिक्षा एवं सुधार की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया। मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत किया गया यह निरीक्षण महिला बंदियों के जीवन में सुधार लाने की दिशा में एक सराहनीय कदम साबित हुआ है, जिससे उन्हें न्यायिक और मानवीय दृष्टि से बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts