कपूरगढ़ में गुरु रविदास जी का सत्संग शुरू, डॉ. सत्येंद्र पाल ने किया शुभारंभ.

बुढ़ाना, मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना विधानसभा क्षेत्र के गांव कपूरगढ़ में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के पावन सत्संग का भव्य शुभारंभ रविवार को हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन समाजवादी शिक्षक सभा उत्तर प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बुढ़ाना विधानसभा से टिकट के प्रबल दावेदार डॉ. सत्येंद्र पाल ने फीता काटकर किया। मुख्य अतिथि डॉ. सत्येंद्र पाल ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी ने अपना पूरा जीवन मानवता, समानता, सामाजिक न्याय, प्रेम और भाईचारे के प्रचार में समर्पित कर दिया। उनके विचार आज भी हमें जात-पात से ऊपर उठकर एकजुट होकर समाज निर्माण की प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि हम सभी गुरु रविदास जी के बताए मार्ग पर चलें और सामाजिक समरसता व मानव सेवा को अपने जीवन का आधार बनाएं। तभी एक स्वस्थ, शिक्षित और सशक्त समाज का निर्माण हो सकेगा। सत्संग में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, संत समाज, बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण मौजूद रहे। भजन-कीर्तन और प्रवचनों से पूरा परिसर भक्तिमय हो गया। आयोजकों ने बताया कि इस सत्संग का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को गुरु रविदास जी के आदर्शों और शिक्षाओं से जोड़ना है। कार्यक्रम के अंत में सभी ने समाज में फैली कुरीतियों को दूर करने और गुरु महाराज के सिद्धांतों को अपनाने का संकल्प लिया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts