मुजफ्फरनगर में एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के खातों से रकम निकालने वाले शातिर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ भी हुई, जिसमें एक अभियुक्त घायल हो गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 63 एटीएम कार्ड, अवैध हथियार, 38 हजार 400 रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन और एक स्विफ्ट कार बरामद की है। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस के अनुसार शामली निवासी विनीत कुमार ने थाना कोतवाली नगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम से रुपये निकालने गए थे। इसी दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने धोखाधड़ी कर उनका एटीएम कार्ड बदल दिया और बाद में खाते से 43 हजार 500 रुपये निकाल लिए। पीड़ित की तहरीर पर थाना कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना कोतवाली नगर पुलिस की टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। इसी क्रम में पुलिस टीम पानीपत-खटीमा मार्ग पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी एक संदिग्ध स्विफ्ट कार आती दिखाई दी। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर कार सवार युवक भागने लगे। पीछा करने पर उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई। इसके बाद बदमाश कार से निकलकर पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने लगे। पुलिस टीम ने सतर्कता दिखाते हुए जवाबी कार्रवाई की और चारों ओर से घेराबंदी कर दी। जवाबी फायरिंग में एक अभियुक्त घायल हो गया, जबकि दो अन्य को कांबिंग के दौरान पकड़ लिया गया।पूछताछ में सामने आया कि आरोपी विभिन्न जिलों में एटीएम पर लोगों को झांसे में लेकर उनके कार्ड बदल देते थे और बाद में खातों से रकम निकाल लेते थे। पुलिस को आशंका है कि गिरोह कई राज्यों में सक्रिय हो सकता है। बरामद एटीएम कार्डों के आधार पर पुलिस अन्य घटनाओं की भी जांच कर रही है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
























































