एमजी वर्ल्ड विजन स्कूल में महिला सुरक्षा और साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

मुजफ्फरनगर में महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण और साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एमजी वर्ल्ड विजन स्कूल में बैज सेरेमनी कार्यक्रम के अवसर पर मिशन शक्ति एवं साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर साइबर थाना प्रभारी, साइबर टीम और मिशन शक्ति टीम भी मौजूद रही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और शिक्षक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने ऑनलाइन फ्रॉड, साइबर बुलिंग, फेक लिंक, ओटीपी फ्रॉड और सोशल मीडिया पर होने वाले अपराधों के प्रति छात्रों को सतर्क रहने की सलाह दी। साथ ही आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112, महिला हेल्पलाइन 1090, 181 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 की उपयोगिता के बारे में भी जानकारी दी गई। छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।

इन्दु सिद्धार्थ ने विद्यार्थियों को अनुशासित जीवन अपनाने, इंटरनेट और सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने तथा साइबर सुरक्षा के प्रति हमेशा जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं और इनसे बचने का सबसे प्रभावी तरीका जागरूकता है। यदि युवा वर्ग सतर्क और जागरूक रहेगा तो साइबर अपराधों पर काफी हद तक रोक लगाई जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने और सुरक्षित वातावरण निर्माण में सहयोग करने की अपील भी की।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या मिरनालनी अनन्त ने पुलिस अधीक्षक अपराध को पौधा भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी बताते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को न केवल महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया, बल्कि उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने का भी संदेश दिया गया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts