सम्पूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों ने सुनीं जनसमस्याएं, स्व-गणना अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील.

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में तहसील खतौली में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान मंडलायुक्त सहारनपुर रुपेश कुमार, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने जनसमस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि समाधान दिवस में प्राप्त सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर निर्धारित समयावधि में उनका शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। महिला अपराध से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं शिकायतकर्ताओं को साइबर अपराध और साइबर ठगी से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया गया।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान मंडलायुक्त एवं जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए कैंपों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकार की लाभार्थीपरक योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाकर पात्र लोगों को लाभान्वित किया जाए। उप जिलाधिकारी खतौली और तहसीलदार खतौली को निर्देश दिए गए कि कोई भी वाद लंबित न रहे तथा धारा-34 के अवशेष मामलों का शीघ्र निस्तारण कराया जाए। अधिकारियों ने समाधान रजिस्टर का अवलोकन करते हुए शिकायतकर्ताओं से निस्तारण की गुणवत्ता के संबंध में फीडबैक भी लिया। इस दौरान सौर ऊर्जा पैनल योजना के लाभार्थी को सौर ऊर्जा पैनल भी वितरित किया गया। समाधान दिवस में कुल 50 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 7 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

मंडलायुक्त ने सभी विभागों के अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और स्व-गणना अभियान को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि 21 मई तक चलने वाले स्व-गणना अभियान में अधिक से अधिक लोग भाग लें और स्वयं अपनी गणना करें। उन्होंने जनपदवासियों से स्व-गणना पोर्टल का उपयोग कर अपने परिवार का विवरण दर्ज करने का आह्वान किया, ताकि जनगणना टीम को सत्यापन कार्य में सुविधा हो सके। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, उप जिलाधिकारी खतौली, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, तहसीलदार खतौली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts