मुजफ्फरनगर। जिला अस्पताल स्थित क्षय रोग केंद्र में भारत विकास परिषद की सम्राट शाखा द्वारा टीबी रोगियों को पौष्टिक आहार की पोटली वितरित की गई। यह सेवा कार्यक्रम पिछले कई वर्षों से नियमित रूप से आयोजित किया जा रहा है।
इस अवसर पर शाखा सचिव इंजीनियर पी. के. गुप्ता ने चिकित्साधिकारियों एवं टीबी विभाग के वरिष्ठ स्टाफ को पीतांबर वस्त्र पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के प्रायोजक और शाखा संस्थापक परम कीर्ति भूषण तथा रोहिताश कर्णवाल (प्रांतीय टीबी उन्मूलन) ने बताया कि पिछले 5-6 वर्षों से टीबी उन्मूलन को लेकर सरकार विशेष अभियान चला रही है, जिसमें मुजफ्फरनगर अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
सम्राट शाखा इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभा रही है। शाखा अध्यक्ष प्रवीन कुमार ने भरोसा दिलाया कि सम्राट शाखा टीबी रोगियों को न केवल पोषण पोटली उपलब्ध करा रही है, बल्कि अन्य सेवा कार्यों में भी निरंतर सक्रिय है।
टीबी रोगियों को समय पर इलाज पूरा करने और बीच में इलाज न रोकने की अपील डॉक्टर प्रवेश कुमार ने की।
मुख्य अतिथि एवं जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. लोकेश चंद्र गुप्ता ने बताया कि राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के निर्देश पर टीबी रोगियों के लिए पोषण पोटली वितरण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने सम्राट शाखा के योगदान के लिए सभी पदाधिकारियों का आभार जताया और जनपद के सक्षम लोगों और संस्थाओं से टीबी रोगियों को गोद लेकर सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि नवंबर 2024 से सरकार द्वारा टीबी मरीजों को इलाज के दौरान 1000 रुपये की धनराशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए उनके बैंक खातों में भेजी जा रही है।
कार्यक्रम में सम्राट शाखा के सदस्य सुनील गर्ग, गोपाल बंसल, कला जैन, कोषाध्यक्ष जगरोषन गोयल, तथा टीबी विभाग के डॉक्टर करन, विपिन शर्मा, विप्रा, रूचिर, अभिषेक, हेमंत, अतुल और संजीव ने सक्रिय भागीदारी निभाई।















