नाली विवाद ने लिया हिंसक रूप: रूकनपुर में पथराव और मारपीट, 8 आरोपी गिरफ्तार,

मुजफ्फरनगर के थाना खतौली क्षेत्र के ग्राम रूकनपुर में नाली के पानी के निकास को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते भीषण संघर्ष में बदल गया। यह घटना दो दिन पहले हुई, जब गांव के दो पक्षों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला लाठी-डंडों और पथराव तक पहुंच गया। इस हिंसक झड़प में एक मासूम बालिका सहित कुल 9 लोग घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नाली के पानी के निकास को लेकर लगभग 20-25 लोगों के बीच पहले बहस शुरू हुई थी। धीरे-धीरे यह विवाद उग्र होता गया और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला बोल दिया। देखते ही देखते गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और पथराव शुरू हो गया। सूचना मिलने पर पीआरवी और खतौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उपद्रवियों ने पुलिस की चेतावनी को नजरअंदाज करते हुए उन पर भी जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस टीम पर पत्थरों की बारिश की गई, जिससे हालात और अधिक तनावपूर्ण हो गए।

पुलिसकर्मियों ने संयम और साहस का परिचय देते हुए दंगा नियंत्रण उपकरणों का इस्तेमाल कर स्थिति को संभालने की कोशिश की। हालात बिगड़ते देख अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया। भारी पुलिस बल को आता देख उपद्रवी मौके से फरार हो गए। इस घटना में 10 वर्षीय अंशिका पत्थर लगने से गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके अलावा नीरज, विनोद, रितिक, अनुज, महेश, मनीष, गीता और आलोक भी घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी के खिलाफ वैधानिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है। वहीं, अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts