मुजफ्फरनगर में सहारनपुर मंडल के आयुक्त एवं नोडल अधिकारी डॉ. रूपेश कुमार की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जनपद के विकास कार्यक्रमों, निर्माण कार्यों और सीएम डैशबोर्ड की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने बी, सी और डी श्रेणी में आने वाले विभागों को अपनी रैंकिंग सुधारने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य, नमामि गंगे, ग्रामीण जलापूर्ति, नियोजन, पंचायतीराज, पर्यटन, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, लोक निर्माण विभाग और एनआरएलएम सहित कई विभागों को कार्यों में तेजी लाने के लिए कहा।बैठक के दौरान 14 विलंबित निर्माण परियोजनाओं की विशेष समीक्षा की गई, जिनमें लोई ब्लॉकों का सुदृढ़ीकरण, आयुर्वेद महाविद्यालय में पंचकर्म इकाई का निर्माण, पुलिस लाइन में ट्रांजिट हॉस्टल, पुरकाजी जल आपूर्ति, पानीपत-खटीमा मार्ग का चौड़ीकरण और गंगा नहर से जुड़े पुनरोद्धार कार्य शामिल हैं। आयुक्त ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समय में पूरा किया जाए और गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि खराब गुणवत्ता पाए जाने पर संबंधित संस्था के खिलाफ कार्रवाई होगी।
इसके अलावा फैमिली आईडी, किसान भुगतान, फार्मर रजिस्ट्री और शिक्षा व्यवस्था पर भी विशेष जोर दिया गया। गन्ना किसानों के बकाया भुगतान को जल्द निपटाने के निर्देश दिए गए, वहीं प्राथमिक विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, मध्यान्ह भोजन और नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा गया। लोक निर्माण विभाग को सड़कों को गड्ढा मुक्त करने और बिजली विभाग को स्मार्ट मीटर लगाने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।बैठक के बाद आयुक्त ने चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रहे जिमनास्टिक, वॉलीबॉल, जिम और बैडमिंटन हॉल के जीर्णोद्धार कार्यों का निरीक्षण किया, जहां लगभग 50 प्रतिशत से अधिक कार्य पूर्ण हो चुका है। इसके साथ ही औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में मीटिंग हॉल, पार्किंग और गेस्ट हाउस के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
















