मुजफ्फरनगर के जानसठ तहसील में नवागत एसडीएम के रूप में रश्मि लांम्भा ने विधिवत रूप से अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। उनके पदभार संभालते ही तहसील परिसर का माहौल सकारात्मक और उत्साहपूर्ण नजर आया। अधिकारियों और कर्मचारियों में नई कार्यशैली को लेकर उम्मीद की भावना देखने को मिली। इस दौरान तहसीलदार श्रद्धा गुप्ता और नायब तहसीलदार ब्रजेश कुमार ने उन्हें गुलदस्ता भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया और उनके साथ समन्वय बनाकर कार्य करने का भरोसा दिलाया।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद एसडीएम रश्मि लांम्भा ने अपने स्पष्ट और सख्त तेवर दिखाते हुए अपनी प्राथमिकताओं को सामने रखा। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता, निष्पक्षता और तत्परता के साथ काम करना उनकी पहली जिम्मेदारी होगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
एसडीएम ने विशेष रूप से राजस्व विभाग से जुड़े मामलों पर ध्यान देने की बात कही और कहा कि लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण प्राथमिकता में रहेगा। उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भू-माफियाओं के खिलाफ अभियान चलाकर सरकारी संपत्तियों को मुक्त कराया जाएगा।इसके अलावा उन्होंने जनसुनवाई व्यवस्था को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया, ताकि लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुना जा सके और मौके पर ही समाधान निकालने का प्रयास किया जा सके। उन्होंने कहा कि तहसील प्रशासन जनता के लिए है और उनकी समस्याओं का समाधान ही प्रशासन की असली सफलता है।नवागत एसडीएम के इस स्पष्ट और सक्रिय रुख से तहसील प्रशासन में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। स्थानीय लोगों को भी उम्मीद है कि उनके कार्यकाल में प्रशासनिक व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा जनहित के कार्यों में तेजी आएगी।















