मुजफ्फरनगर में पी.एम. पोषण योजना के तहत जनपद स्तरीय रसोइया पाक-कला प्रतियोगिता

मुजफ्फरनगर में पी.एम. पोषण (एमडीएम) योजना के अंतर्गत जनपद स्तरीय रसोइया पाक-कला प्रतियोगिता का आयोजन जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान परिसर स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय नगर क्षेत्र में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डायट प्राचार्य विश्व दीपक त्रिपाठी तथा जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश श्रीवास उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत के साथ हुई, जहां उन्हें पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में जनपद के 10 विकास खंडों से चयनित कुल 21 भोजन माताओं ने भाग लिया और अपनी पाक-कला का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतिभागी रसोइयों ने स्वयं विभिन्न प्रकार के पौष्टिक व्यंजन तैयार कर प्रस्तुत किए, जिनमें गुणवत्ता, स्वच्छता और पौष्टिकता पर विशेष ध्यान दिया गया। इस दौरान उपस्थित निर्णायक मंडल ने सभी व्यंजनों का परीक्षण कर उनके स्वाद, पोषण स्तर और प्रस्तुति के आधार पर अंक प्रदान किए।निर्णायक मंडल में गुंजन राघव, प्रवक्ता जीजीआईसी भैंसी (खतौली) तथा स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि शामिल रहे। निर्णायकों ने सभी भोजन माताओं द्वारा तैयार किए गए व्यंजनों को देखकर और चखकर उनका मूल्यांकन किया तथा उन्हें बेहतर गुणवत्ता और पौष्टिक भोजन तैयार करने के लिए प्रेरित भी किया। प्रतियोगिता के परिणाम घोषित करते हुए बताया गया कि बुढ़ाना विकास क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बुढ़ाना की आरती ने प्रथम स्थान प्राप्त किया,

जबकि पुरकाजी विकास क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय छपार की संजो ने द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं खतौली विकास क्षेत्र के कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय मंसूरपुर की सत्यवती ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में विजेताओं को प्रोत्साहन स्वरूप नकद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली रसोइया को 3500 रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली को 2500 रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली को 1500 रुपये की पुरस्कार राशि उनके बैंक खातों में जल्द उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा प्रतियोगिता में भाग लेने वाली अन्य सभी रसोइयों को भी प्रोत्साहन के तौर पर 300 से 350 रुपये की धनराशि उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी।कार्यक्रम का संचालन अनूप बंसल सहायक लेखाकार, अक्षय शर्मा टंकण लिपिक और रामपाल चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी नगर क्षेत्र द्वारा किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार तथा खंड शिक्षा अधिकारी एवं प्रभारी पी.एम. पोषण राकेश गौड ने किया। कार्यक्रम में डायट प्रवक्ता राजीव कुमार, सुशील कुमार, अंकुर कुमार जिला समन्वयक, राजेंद्र शर्मा, प्रदीप महें वरिष्ठ लिपिक, शैली तथा ऐश्वर्या शर्मा सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यालयों में बच्चों को दिए जाने वाले मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, पौष्टिकता और स्वच्छता को बढ़ावा देना तथा भोजन माताओं को उनके कार्य के प्रति प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण में रसोइयों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, इसलिए उनके कार्य को सम्मान और प्रोत्साहन मिलना आवश्यक है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts