मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर थाना क्षेत्र में अम्बा शक्ति स्टील फैक्ट्री से कॉपर केबिल चोरी की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी मौसीन पुत्र अल्लाह मेहर गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए कॉपर केबिल के आठ बंडल, करीब 2.70 लाख रुपये की नकदी, घटना में प्रयुक्त हुंडई औरा कार तथा अवैध शस्त्र बरामद किए हैं। बरामद कॉपर केबिल की कीमत करीब 2.24 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, अम्बा शक्ति स्टील फैक्ट्री से कॉपर केबिल चोरी होने के मामले में मंसूरपुर थाने पर मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की घटना में शामिल पांच बदमाश सफेद रंग की हुंडई औरा कार में सवार होकर दोबारा वारदात की फिराक में हैं और उनके पास चोरी का माल भी मौजूद है। सूचना पर पुलिस ने बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज के पास जीओ पेट्रोल पंप के सामने चेकिंग शुरू कर दी।
कुछ देर बाद संदिग्ध कार आती दिखाई दी। पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन कार सवारों ने भागने का प्रयास किया। पीछा करने पर कार कच्चे रास्ते में कीचड़ में फंस गई। इसके बाद बदमाश पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए जंगल की ओर भागने लगे। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मौसीन घायल हो गया, जबकि दो अन्य आरोपियों को कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। चार बदमाश मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार्यवाही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण तथा पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, क्षेत्राधिकारी खतौली रुपाली राव और प्रभारी निरीक्षक मंसूरपुर विपिन त्यागी के नेतृत्व में की गई।
























































