मुजफ्फरनगर। जनपद पुलिस ने चोरी की घटनाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंसूरपुर और सिखेड़ा थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग चोर गिरोहों का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि दूसरे गिरोह के चार शातिर आरोपियों को दबोचा गया। दोनों कार्रवाई में पुलिस मुठभेड़ के दौरान कुल तीन आरोपी घायल हुए हैं।
मंसूरपुर पुलिस ने फैक्ट्री से कॉपर केबिल चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी घायल हुआ। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 2.70 लाख रुपये नगद, चोरी किए गए आठ बंडल कॉपर केबिल, जिनकी कीमत करीब 2.24 लाख रुपये बताई गई है, तथा घटना में प्रयुक्त एक औरा गाड़ी और अवैध शस्त्र बरामद किए गए हैं।वहीं, सिखेड़ा पुलिस ने ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार भिक्की भंडूर रोड से खेतों की ओर जाने वाले रास्ते पर संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी की। आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए, जबकि दो अन्य को कांबिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ट्रांसफार्मरों के अंदर से चोरी किया गया कीमती धातु संबंधी सामान से भरे पांच बोरे, ट्रांसफार्मर खोलने के उपकरण, चाबी-पाने से भरा एक थैला, एक साइकिल तथा दो अवैध तमंचे 315 बोर, दो जिंदा कारतूस और दो खोखे बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई से पांच चोरी के मामलों का सफल अनावरण हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।























































