शाहपुर (मुजफ्फरनगर)। कस्बा शाहपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, मोहल्ला इस्लामाबाद निवासी वसीम सैफी (21) पुत्र नफीश सैफी अपने छोटे भाई समीर सैफी (16) तथा रिश्तेदार जैनब (6) पुत्री सलीम सैफी निवासी बुढ़ाना के साथ मोटरसाइकिल से सामान खरीदकर घर लौट रहे थे। बताया जाता है कि जैसे ही उनकी बाइक कस्बे में शिवजी मूर्ति के निकट पहुंची, तभी सामने से आ रहे ट्रैक्टर से जुड़े पानी के टैंकर ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर गिर गए।
हादसे में छह वर्षीय जैनब गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं वसीम और समीर के पैरों के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ जाने से दोनों बुरी तरह घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तत्काल शाहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों को जिला अस्पताल मुजफ्फरनगर रेफर कर दिया।
मासूम बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उधर, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। क्षेत्र के लोगों ने भी इस दर्दनाक घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।















