सहारनपुर। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच मोहल्ला खजूर तला चौक पर जनसेवा और सामाजिक सौहार्द की मिसाल पेश करते हुए मीठा शरबत वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस सेवा कार्य का नेतृत्व मोहल्ला निवासी मुजाहिद नदीम ने किया। कार्यक्रम के दौरान राहगीरों, स्थानीय नागरिकों, रिक्शा चालकों, मजदूरों तथा अन्य जरूरतमंद लोगों को ठंडा और मीठा शरबत पिलाकर गर्मी से राहत प्रदान की गई। भीषण गर्मी में आयोजित इस सेवा अभियान को लोगों ने काफी सराहा और इसे मानवता की सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
कार्यक्रम में मोहल्ले के युवाओं और गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने मिलकर लोगों को शरबत वितरित किया और आपसी सहयोग, भाईचारे तथा सामाजिक एकता का संदेश दिया। आयोजन स्थल पर बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर शरबत ग्रहण किया और आयोजकों की इस पहल की प्रशंसा की। उपस्थित लोगों का कहना था कि गर्मी के इस मौसम में प्यासे और जरूरतमंद लोगों को शीतल पेय उपलब्ध कराना न केवल पुण्य का कार्य है, बल्कि समाज में मानवीय संवेदनाओं को भी मजबूत करता है।
व्यापारियों में भय का माहौल न बने, कार्रवाई से पहले नोटिस देना जरूरी : कपिल देव अग्रवाल
आयोजकों ने कहा कि समाज के सक्षम लोगों को समय-समय पर ऐसे सेवा कार्यों में आगे आना चाहिए, ताकि जरूरतमंदों की सहायता की जा सके और समाज में परस्पर प्रेम एवं सद्भाव का वातावरण बना रहे। कार्यक्रम का समापन आपसी भाईचारे, सौहार्द और जनसेवा के संदेश के साथ हुआ। इस अवसर पर तबरेज खान, दानिश खान, अज़हर खान, अहमर, सुहैल, नदीम, काशिफ, दिल्लू, अलमाज, अहवर, अली, शादान सहित अनेक लोग मौजूद रहे।















