अलवर सदर थाना पुलिस ने साइबर ठगी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी असलम पुत्र मोहर खान निवासी गांव बुआका और उसके नाबालिग साथी को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी रमेश सैनी के अनुसार आरोपी असलम इंस्टाग्राम और फेसबुक पर कपड़ों के ठान और साड़ियों के सस्ते दामों में डायरेक्ट फैक्ट्री से मिलने के झूठे विज्ञापन डालता था। इस बहाने वह अलग–अलग लोगों से ऑनलाइन पेमेंट लेकर ठगी करता था। अब तक असलम करीब 50 हजार रुपये की ठगी कर चुका है। वहीं उसका नाबालिग साथी लोगों को सस्ते दामों में नया मोबाइल दिलाने का झांसा देकर ऑनलाइन ठगी करता था। दोनों आरोपियों को पुलिस ने गांव बुआका से गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।























































