मुजफ्फरनगर। जिले में संभावित भारी बारिश और उससे उत्पन्न होने वाली आपदा की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से जर्जर और कच्चे मकानों को तत्काल खाली कर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अनिरुद्ध प्रताप सिंह ने बताया कि सभी उप जिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में राहत एवं बचाव तैयारियों की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जर्जर मकानों, कच्चे भवनों और ऐसे स्थानों की सूची तैयार की जा रही है, जहां लगातार बारिश के दौरान हादसों की संभावना अधिक रहती है। प्रशासन ने राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य, लोक निर्माण विभाग, नगर निकाय, विद्युत विभाग और आपदा राहत दलों को अलर्ट मोड पर रखा है। अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां पहले से आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने तथा राहत चौकियों और राहत शिविरों को तत्काल संचालन योग्य स्थिति में तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।
ग्राम स्तर पर निगरानी व्यवस्था भी मजबूत की जा रही है। ग्राम प्रधानों, स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन समितियों को संभावित खतरे वाले क्षेत्रों पर लगातार नजर रखने और किसी भी सूचना पर तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने आमजन से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने, जलभराव वाले क्षेत्रों, नालों, पुलों और तेज बहाव वाले स्थानों से दूर रहने तथा अधिक पानी भरे रास्तों को पार न करने की सलाह दी है। वाहन सावधानी से चलाने, बिजली के खंभों और टूटे तारों से दूरी बनाए रखने तथा बच्चों को जलभराव वाले स्थानों और नदी, नहर, तालाब के किनारे न जाने देने की अपील भी की गई है। लोगों से आवश्यक दवाइयां, पीने का पानी, टॉर्च, मोबाइल चार्जर और जरूरी दस्तावेज सुरक्षित रखने तथा मौसम विभाग और जिला प्रशासन की चेतावनियों का पालन करने को कहा गया है। किसी भी आपात स्थिति या दुर्घटना की सूचना कंट्रोल रूम के टोल फ्री नंबर 1077 या मोबाइल नंबर 9412210080 पर देने की अपील की गई है।























































