मुजफ्फरनगर। जनगणना 2027 के कार्यों को गति प्रदान करने तथा निर्धारित समय-सीमा के अंतर्गत सभी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संपादित कराने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अनिरुद्ध प्रताप सिंह ने की। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी, सहायक अभियंता निर्माण सहित जनगणना कार्य से जुड़े विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जनगणना 2027 की तैयारियों और अब तक हुई प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। अपर जिलाधिकारी ने क्षेत्रवार चल रहे कार्यों का आकलन करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों से कार्यों की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। समीक्षा के दौरान जिन क्षेत्रों में अपेक्षित प्रगति नहीं पाई गई, वहां संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक और सांख्यिकीय प्रक्रियाओं में से एक है, जिसके आधार पर विकास योजनाएं तैयार की जाती हैं और विभिन्न सरकारी नीतियों का निर्माण किया जाता है। इसलिए इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी कार्मिकों से पूरी जिम्मेदारी, निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि जनगणना संबंधी समस्त सूचनाओं का संकलन निर्धारित मानकों और दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाए। आंकड़ों की गुणवत्ता और शुद्धता पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा गया ताकि भविष्य में किसी प्रकार की त्रुटि या विसंगति की स्थिति उत्पन्न न हो। अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने तथा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना कार्य की सफलता सभी संबंधित विभागों, अधिकारियों और कर्मचारियों के आपसी समन्वय, सहयोग और उत्तरदायित्व पर निर्भर करती है। उन्होंने सभी जनगणना कार्मिकों से टीम भावना के साथ कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि जनगणना 2027 को सफल, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। बैठक के अंत में अधिकारियों को जनगणना कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।















