रामनगरी अयोध्या से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अडानी विल्मर लिमिटेड के प्रसिद्ध खाद्य तेल ब्रांड फॉर्च्यून के नाम पर चल रहे नकली रिफाइंड तेल के एक बड़े रैकेट का खुलासा हुआ है।पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग ने संयुक्त कार्रवाई कर 500 पेटी से अधिक नकली रिफाइंड तेल बरामद किया है।कंपनी के सेल्स मैनेजर की शिकायत पर नगर कोतवाली पुलिस ने वजीरगंज स्थित एक गोदाम पर छापा मारकर इस अवैध कारोबार को उजागर किया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि जालसाज नकली तेल को असली ब्रांड की हूबहू कॉपी कर बाजार में धड़ल्ले से खपा रहे थे। जिससे उपभोक्ताओं की सेहत के साथ बड़ा खिलवाड़ था। पुलिस ने माल जब्त कर पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है। धंधे से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। अधिकारियों के मुताबिक, जल्द पूरे गिरोह का पर्दाफाश होगा।
इस मामले की जानकारी खाद्य सुरक्षा विभाग को भी दे दी गई है ताकि जब्त किए गए तेल की क्वालिटी चेक हो सके। अधिकारियों ने कहा कि गोदाम से मिला तेल जब्त कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने यह भी बताया कि इस धंधे में शामिल लोगों का पता लगाया जा रहा है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।























































