मुजफ्फरनगर में 1800 लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास, उत्साह के साथ मनाया गया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस.

मुजफ्फरनगर के चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों सहित करीब 1800 लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने धन्वंतरि पूजन और दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस केवल एक आयोजन नहीं बल्कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देने वाला महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन शांत और जीवन तनावमुक्त रहता है। योग व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाता है तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। उन्होंने जनपदवासियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ समाज और स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है।

कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष विशाल गर्ग, राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष संजय राठी, पूर्व अध्यक्ष आयुष बोर्ड डॉ. सुभाष चंद्र शर्मा, रालोद के मंडल अध्यक्ष प्रभात तोमर, प्रदीप सैनी तथा भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशासन की ओर से जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अनिरुद्ध प्रताप सिंह, नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुनील तेवतिया, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी कार्यक्रम में शामिल हुए।

योग दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण भी स्टेडियम में उपस्थित लोगों को दिखाया गया, जिसे सभी प्रतिभागियों ने ध्यानपूर्वक सुना। इसके बाद कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत योग प्रशिक्षक विजय कुमार, वर्षा चौधरी और अनुज कुमार के निर्देशन में सामूहिक योगाभ्यास कराया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, प्रधानाचार्यों और शिक्षकों ने भाग लेकर योग दिवस को सफल बनाया। पूरे आयोजन के दौरान प्रतिभागियों में उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजीव कुमार ने किया, जबकि अंत में डॉ. इसम पाल ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। योग दिवस का यह आयोजन स्वास्थ्य, जागरूकता और सामूहिक सहभागिता का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts