मुजफ्फरनगर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद के पवित्र गंगा तट शुक्रताल में भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल एवं सहारनपुर मंडल के मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने धनवंतरी पूजन एवं दीप प्रज्वलन कर किया। योग दिवस के इस विशेष आयोजन में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा योग को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने कहा कि आज पूरा देश 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मना रहा है। योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ और निरोग बनाता है, बल्कि मानसिक तनाव को दूर कर मन और मस्तिष्क को भी स्वस्थ एवं संतुलित रखता है। योग व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है और उसे शारीरिक तथा मानसिक रूप से मजबूत बनाता है। उन्होंने सभी जनपदवासियों से अपील की कि वे योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री के योग दिवस संबोधन का लाइव प्रसारण भी गंगा तट शुक्रताल पर बड़ी स्क्रीन के माध्यम से दिखाया गया। उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री के विचारों को सुना और योग के महत्व को समझा। इसके बाद कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार प्रशिक्षित योगाचार्य द्वारा विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया गया। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ योगाभ्यास किया।कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी, उपजिलाधिकारी जानसठ, तहसीलदार जानसठ, आयुष विभाग के अधिकारी एवं चिकित्सक, जिला पंचायत के अधिकारी एवं कर्मचारी, जिला गंगा समिति के जिला परियोजना अधिकारी, वन क्षेत्र अधिकारी मोरना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, शिक्षकों, विद्यार्थियों तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने भी बड़ी संख्या में सहभागिता की।
योग दिवस के इस आयोजन ने स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया। उपस्थित लोगों ने नियमित योग करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण के संदेश के साथ हुआ।
















