भारतीय महिला क्रिकेट में एक युग का अंत हुआ है तो दूसरे युग के शुरुआत की तैयारी है. जिस दौर का अंत हुआ है वो हरमनप्रीत कौर का है, जिन्होंने क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में भारत की कप्तानी छोड़ दी है.वहीं, जिस दौर का आगाज होता अब दिख सकता है वो स्मृति मंधाना का होगा, जिनका नाम भारतीय महिला टीम के कप्तान के तौर पर हरमनप्रीत कौर की जगह लेने के लिए सबसे आगे है. कहना गलत नहीं होगा कि वो भारतीय महिला क्रिकेट टीम की अगली कप्तान बनने को लेकर सबसे हॉट फेवरेट हैं.
कैसे स्मृति मंधाना का नाम अगले कप्तान के तौर पर आया आगे?
ऐसा नहीं है कि स्मृति मंधाना को भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान बनाए जाने की चर्चा हरमनप्रीत कौर के इस्तीफे के बाद शुरू हुई है. मंधाना को कप्तानी की बागडोर सौंपने की वकालत काफी पहले से ही जारी है. इसके पीछे हरमनप्रीत कौर का एक खिलाड़ी के तौर पर मौजूदा फॉर्म बड़ी वजह रहा है. 37 साल की हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम जीत तो रही थी. मगर उस जीत के साए में बल्लेबाज हरमनप्रीत के प्रदर्शन का स्तर इतना खराब था कि वो सभी की निगाहों में था. यह वजह है कि उनकी कप्तानी पर तलवार लटक रही थी.
गुवाहाटी में रिव्यू मीटिंग से मिले संकेत
गुवाहाटी में BCCI के साथ भारतीय महिला क्रिकेट टीम की रिव्यू मीटिंग का मकसद ही हरमनप्रीत कौर की कप्तानी पर फैसला लेना था. यही वजह है कि उस मीटिंग में टीम के कोच अमोल मजूमदार और कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ उप-कप्तान स्मृति मंधाना भी मौजूद थी. आमतौर पर ऐसा होता नहीं कि टीम की रिव्यू मीटिंग में उप-कप्तान की भी मौजूद हो. लेकिन, गुवाहाटी में स्मृति मंधाना की मौजूदगी साफ बयां कर रही थी कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम में अब बदलाव होने वाला है.
हरमनप्रीत कौर की जगह स्मृति मंधाना?
बेशक, अगले कप्तान के तौर पर स्मृति मंधाना के नाम को लेकर अभी तक आधिकारिक फैसला नहीं आया है. लेकिन, बिना आग के धुआं भी तो नहीं उठता. इसलिए अगले कप्तान को लेकर स्मृति मंधाना के नाम पर लग रहे कयास जल्दी ही हकीकत में बदल सकते हैं.















