जनसुनवाई में एसएसपी ने सुनीं शिकायतें, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश.

मुजफ्फरनगर। शासन द्वारा जारी आदेशों-निर्देशों के क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई करते हुए विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की शिकायतों और समस्याओं को गंभीरता से सुना। जनसुनवाई के दौरान फरियादियों ने पुलिस से संबंधित विभिन्न मामलों को एसएसपी के समक्ष रखा। उन्होंने प्रत्येक शिकायत को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को शिकायतों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसामान्य की शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। शिकायतों की जांच निष्पक्ष एवं समयबद्ध तरीके से करते हुए पीड़ितों को प्रभावी राहत उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका उचित समाधान कराना है। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शिकायतों के निस्तारण की नियमित निगरानी भी की जाए, ताकि फरियादियों को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।

जनसुनवाई के दौरान महिला अपराधों से संबंधित शिकायतों को विशेष गंभीरता से लिया गया। ऐसी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए क्विक रिस्पांस टीम (महिला विंग) को मौके पर भेजा गया। टीम को संबंधित प्रकरणों की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला सुरक्षा और अपराधों की रोकथाम को लेकर पुलिस लगातार सक्रिय है।

एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिला अपराध से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए तथा पीड़ित महिलाओं की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। जनसुनवाई के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रभावी पुलिसिंग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts