मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के पत्र संख्या-3034एसएलएसए-168/2025-(मेगा शिविर), दिनांक 31 अगस्त 2026 के अनुपालन में जनपद मुजफ्फरनगर में 1 नवंबर 2026 को मेगा शिविर का आयोजन किया जाएगा। मेगा शिविर को सफल बनाने के लिए माननीय प्रभारी जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी क्रम में डॉ. विजय कुमार, अपर जिला जज/एससीएसटी एक्ट एवं नोडल अधिकारी मेगा शिविर, मुजफ्फरनगर के विश्राम कक्ष में संबंधित अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में डॉ. सत्येंद्र कुमार चौधरी, सिविल जज (सीडि.) एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मुजफ्फरनगर, दीपक कुमार पाल, सिटी मजिस्ट्रेट, इन्दु सिद्धार्थ, एसपी क्राइम, के.एन. पांडेय, जिला विकास अधिकारी समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान मेगा शिविर के आयोजन की तैयारियों और विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों को लेकर चर्चा की गई। अधिकारियों को शिविर के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र लोगों तक विधिक सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
नोडल अधिकारी डॉ. विजय कुमार ने संबंधित अधिकारियों को मेगा शिविर के सफल आयोजन के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा निर्धारित जिम्मेदारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविर के आयोजन में किसी प्रकार की कमी न रहे और संबंधित विभाग अपनी तैयारियां समय से पूर्ण करें। बैठक में शिविर की व्यवस्थाओं, विभागीय सहभागिता और आमजन को उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से मेगा शिविर को लेकर आगामी दिनों में तैयारियों को और गति देने की बात कही गई।















