महाराष्ट्र MLC चुनाव में बागियों ने बढ़ाई महायुति-MVA की चिंता,

महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच सीटों पर चुनाव से पहले राजनीतिक दलों के भीतर नाराजगी खुलकर सामने आने लगी है. महायुति और महाविकास अघाड़ी दोनों ही गठबंधनों में कई नेताओं ने अधिकृत उम्मीदवारों के खिलाफ नामांकन दाखिल किया है. नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब पार्टियों की कोशिश बागी नेताओं को मनाने की है. 9 अक्टूबर को नामांकन वापसी की समय सीमा खत्म होने के बाद चुनावी मैदान की स्थिति स्पष्ट होगी.इस चुनाव में पुणे, नागपुर और औरंगाबाद स्नातक निर्वाचन क्षेत्र और पुणे और अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. पांचों सीटों पर अलग-अलग राजनीतिक समीकरण देखने को मिल रहे हैं.

नागपुर में बीजेपी के सामने पूर्व विधायक की चुनौती

नागपुर स्नातक सीट पर बीजेपी ने सुधाकर कोहले को उम्मीदवार बनाया है, लेकिन पार्टी के पूर्व विधायक प्रो. अनिल सोले ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल कर दिया है. सोले ने संकेत दिया है कि वह अपना नामांकन वापस नहीं लेंगे. इसी सीट पर कांग्रेस के अभिजीत वंजारी उम्मीदवार हैं. उनके सामने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के शरद पवार गुट के कराले गुरुजी ने भी नामांकन दाखिल किया है. इससे नागपुर में मुकाबला बहुकोणीय होने की स्थिति बन गई है.

अमरावती में शिंदे गुट के सामने अपने ही पूर्व विधायक

अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में शिवसेना शिंदे गुट ने मौजूदा विधायक किरण सरनाईक को उम्मीदवार बनाया है, लेकिन पार्टी के पूर्व विधायक प्रो. श्रीकांत देशपांडे ने भी पर्चा भर दिया है. देशपांडे ने चुनाव मैदान से हटने से इनकार किया है. ऐसे में पार्टी के सामने आधिकारिक उम्मीदवार के साथ-साथ अपने ही पूर्व विधायक को लेकर चुनौती बनी हुई है.

पुणे स्नातक सीट पर टिकट को लेकर नाराजगी

पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भी बीजेपी के भीतर टिकट को लेकर नाराजगी सामने आई है. पार्टी ने डॉ. स्मिता जाधव को उम्मीदवार बनाया है. इसके बाद शरद लाड ने भी नामांकन दाखिल किया. लाड के बीजेपी में शामिल होने के समय उन्हें इस सीट से टिकट मिलने की चर्चा थी. हालांकि बाद में पार्टी ने डॉ. स्मिता जाधव को उम्मीदवार घोषित कर दिया.उद्योग मंत्री उदय सामंत के निजी सहायक सचिन सानप ने भी नामांकन दाखिल किया है. बीजेपी नेता रवींद्र चव्हाण ने शरद लाड के नामांकन को डमी उम्मीदवार के तौर पर बताया है. उनका कहना है कि बीजेपी में बगावत की स्थिति नहीं है.

पुणे शिक्षक सीट पर महायुति में दो दावेदार

पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में बीजेपी की ओर से कौस्तुभ गावड़े ने नामांकन दाखिल किया है. वहीं, शिवसेना शिंदे गुट ने मंगेश चिवटे को उम्मीदवार बनाया है. चिवटे को पार्टी का एबी फॉर्म भी मिल चुका है. इससे इस सीट पर महायुति के दोनों घटकों के उम्मीदवार आमने-सामने आने की स्थिति बन गई है. हालांकि सीट बंटवारे को लेकर महायुति में अंतिम स्तर पर बातचीत जारी है.

शिंदे बोले- नाम वापसी तक बातचीत संभव

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद पुणे शिक्षक सीट को लेकर महायुति की स्थिति पर बात की. शिंदे ने कहा कि सीट बंटवारे को लेकर नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख तक चर्चा हो सकती है. उन्होंने बताया कि मंगेश चिवटे की उम्मीदवारी को लेकर महायुति की समन्वय समिति में चर्चा हुई थी. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ भी इस विषय पर बातचीत हुई है.

MVA में भी टिकट को लेकर अलग-अलग दावेदार

महाविकास आघाड़ी में भी सभी सीटों पर पूरी तरह एकसुर की स्थिति नहीं है. पुणे शिक्षक सीट पर कांग्रेस के मौजूदा विधायक जयंत आसगावकर ने नामांकन दाखिल किया है. उनका नामांकन निर्दलीय बताया जा रहा है. दूसरी ओर शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट से शिक्षक सेना के पश्चिम महाराष्ट्र अध्यक्ष सुनील जगताप ने पर्चा भरा है. अन्य सीटों पर भी कई इच्छुक उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है. शिवसेना ठाकरे गुट के प्रो. दत्तात्रय लहाने ने भी पर्चा दाखिल किया है, जबकि बीजेपी से शेखर भोयर सहित अन्य नेताओं ने नामांकन भरा है.

अब 9 अक्टूबर पर नजर

नामांकन दाखिल होने के बाद अब सभी दलों का ध्यान उम्मीदवारों की अंतिम सूची पर है. 9 अक्टूबर को नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह तय होगा कि कौन-कौन से बागी उम्मीदवार चुनाव मैदान में कायम रहते हैं. इसके बाद ही पांचों सीटों पर वास्तविक मुकाबले की तस्वीर सामने आएगी.

औरंगाबाद में सतीश चव्हाण पर फिर भरोसा

औरंगाबाद स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अजित पवार गुट ने मौजूदा विधायक सतीश चव्हाण को दोबारा उम्मीदवार बनाया है. चव्हाण इस सीट से 2008, 2014 और 2020 में जीत चुके हैं. अब वह चौथी बार चुनाव मैदान में उतरेंगे.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts