मुजफ्फरनगर। इस्लामिया इण्टर कॉलेज, मुजफ्फरनगर के 123वें स्थापना दिवस समारोह का धूमधाम के साथ समापन हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि चरथावल विधायक पंकज मलिक का कॉलेज प्रबंधन एवं स्टाफ द्वारा फूल माला पहनाकर, बैज लगाकर, शॉल ओढ़ाकर तथा बुके और मोमेंटो भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष सै. रौनक अली जैदी एडवोकेट ने की। प्रधानाचार्य डा. सलीम अहमद एवं विद्यालय स्टाफ ने समारोह में पहुंचे सभी गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रबंधक सईद अनवर सिद्दीकी ने विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों और कॉलेज के विकास के लिए किए गए कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। मुख्य अतिथि पंकज मलिक ने विद्यालय परिसर में स्मार्ट क्लास का फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके बाद खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।स्थापना दिवस समारोह में विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से छात्रों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और समारोह को यादगार बना दिया। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने स्थापना दिवस की खुशियां उत्साह के साथ मनाईं।
इस अवसर पर अंजुमन इस्लामिया के अध्यक्ष सुल्तान मुशीर एडवोकेट, प्रबंध समिति के अध्यक्ष सै. रौनक अली जैदी एडवोकेट, प्रबंधक सईद अनवर सिद्दीकी, उप-प्रबंधक एवं कार्यक्रम संयोजक हाजी कमरूज्जमा एडवोकेट सहित समिति के अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता तनवीर आलम और प्रवक्ता अजहर साबिर ने किया। समारोह में विद्यालय का समस्त स्टाफ भी उपस्थित रहा।
















