शिक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर डीएम सख्त, 15 केंद्रों पर होगी परीक्षा.

मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा की तैयारियों को लेकर जिला पंचायत सभागार में सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि सहायक अध्यापक (शहरी), प्राइमरी, बेसिक शिक्षा विभाग तथा शासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में संबद्ध प्राइमरी के सहायक अध्यापक पदों के लिए लिखित परीक्षा 3 दिसंबर 2026 को जनपद के 15 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी। प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक होगी।

जिलाधिकारी ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि परीक्षा की तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से अध्ययन कर उनका शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा को निर्विघ्न, शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराना सभी संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है। सभी अधिकारी परीक्षा शुरू होने से पहले अपने निर्धारित केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लें, ताकि अंतिम समय में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।

उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों पर वॉयस रिकॉर्डिंग युक्त सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही निर्बाध विद्युत आपूर्ति, जनरेटर, पेयजल तथा महिला और पुरुष अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग शौचालयों की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन देश दीपक सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts