खुले टैंक में गिरकर डूबा मासूम-मौत.

बाँदा। शहर के पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में एक ऐसी दर्दनाक घटना हुई, जिसने सबको झकझोर दिया। खेलते-खेलते 6 साल का मासूम यश खुले पड़े पानी के टैंक में गिर गया और डूबकर उसकी मौत हो गई। मासूम का शव देखते ही मां-बाप की चीखें पूरे परिसर में गूंज उठीं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। महोबा जिले के कबरई थाना क्षेत्र के धरौन गांव निवासी रोहित अपनी पत्नी रीतू और दो बच्चों के साथ पिछले 2 महीने से बांदा के पॉलिटेक्निक कॉलेज में चल रहे निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहा था। सभी लोग काम में लगे थे। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे 6 वर्षीय यश मैदान में खेल रहा था। खेलते-खेलते वो अचानक सबकी नजरों से ओझल हो गया। काफी देर तक जब यश वापस नहीं आया, तो परिजनों के होश उड़ गए। पूरे कैंपस में, इधर-उधर सब जगह तलाश की गई, लेकिन कहीं पता नहीं चला। मजदूरों में भी हड़कंप मच गया। शाम को थक-हारकर परिजनों ने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस हरकत में आई और टॉर्च की रोशनी में तलाश शुरू की। तलाश करते-करते पुलिस की नजर खुले टैंक पर पड़ी।

अंदर देखा तो यश पानी में उतरा हुआ था। रस्सी के सहारे किसी तरह उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मासूम की मौत हो चुकी थी। मृतक के पिता रोहित ने रोते हुए बताया कि टैंक में ढक्कन नहीं लगा था। कई बार ठेकेदार से ढक्कन लगवाने के लिए कहा गया था, लेकिन हर बार अनसुना कर दिया गया।परिजनों का कहना है अगर ठेकेदार ने ढक्कन लगवा दिया होता, तो आज हमारा बच्चा जिंदा होता। ये हादसा नहीं, लापरवाही से हुई हत्या है। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सवाल उठता है निर्माण स्थल पर खुले टैंक की जिम्मेदारी किसकी थी।मजदूरों के बच्चों की सुरक्षा का जिम्मेदार कौन है। इस घटना ने एक बार फिर निर्माण स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts