बाँदा। रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक ऐसी वारदात का खुलासा हुआ है, जिसे सुनकर पूरा शहर सिहर उठा। 80 साल के बूढ़े दादा की हत्या किसी लुटेरे ने नहीं, बल्कि उसके सगे पोते ने की थी। वजह सिर्फ जायदाद।एसपी के निर्देशन में कोतवाली नगर पुलिस ने 48 घंटे के अंदर इस अंधी हत्या का सनसनीखेज खुलासा कर दिया। 24/25 नवंबर की रात कालूकुआं मोहल्ले में 80 वर्षीय वृद्ध लल्ला राजपूत की हत्या की सूचना से हड़कंप मच गया। पुलिस मौके पर पहुंची तो बुजुर्ग खून से लथपथ पड़े थे। गर्दन पर गला दबाने और पेन से वार के निशान थे। कोतवाली में मुकदमा दर्ज हुआ। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक साक्ष्य खंगालने शुरू किए। शक की सुई घूम-घूमकर घर के अंदर ही आ रही थी।पुलिस ने जब मृतक के पोते राहुल पुत्र चन्द्रपाल से कड़ाई से पूछताछ की, तो वो टूट गया। उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। राहुल ने बताया दादा ने अपनी संपत्ति मेरे चाचा-चाची के नाम कर दी थी।
इसी से मैं नाराज था। रात में मौका देखकर पहले मैंने गला दबाकर दादा को मार दिया। फिर मुझे लगा कहीं वो जिंदा न बच जाएं, इसलिए पास में रखे पेन से उनकी गर्दन पर वार कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल से ही हत्या में प्रयुक्त वो पेन बरामद कर लिया था। इसके बाद अभियुक्त की निशानदेही पर उसकी खून से सनी शर्ट भी बरामद कर ली गई, जो उसने घटना के समय पहनी थी। गिरफ्तार अभियुक्त राहुल पुत्र चन्द्रपाल, निवासी कालूकुआं, थाना कोतवाली नगर का निवासी हैं पुलिस अब अभियुक्त को जेल भेज दिया है। इस खुलासे के बाद पूरे इलाके में चर्चा है कि जायदाद के लालच ने एक पोते को अपने ही दादा का हत्यारा बना दिया।















