राजश्री प्रोडक्शन की फिल्मों का अपना सालों पुराना सलीका है. यहां प्रेम, परिवार, सादगी, संस्कार, शादी और मधुर गीत-संगीत होते ही होते हैं लेकिन इन्हीं दायरे में हर बार एक नई कहानी कहने की कोशिश की जाती है. डायरेक्टर-राइटर सूरज बड़जात्या ने इस दिशा में घराने की प्रतिष्ठा और परंपरा को इस तरह आगे बढ़ाने का काम किया है. यहां समय के साथ कदमताल ही नहीं किया जाता बल्कि समय से आगे निकलकर कहानी कहने की कोशिश की जाती है. ये प्रेम मोल लिया में आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ जैसे कलाकारों के साथ सूरज बड़जात्या ने एक बार फिर वही शादी की कहानी कही है. लेकिन इस बार उसे नए विचारों के साथ प्रस्तुत किया है. वैसे हम ये कह सकते हैं ये विचार राजश्री प्रोडक्शन की पहले की अनेक फिल्मों में छुट-पुट तरीके से आते रहे हैं. उन्हें यहां फोकस में रखा गया है. इस लिहाज से कहानी थोड़ी पुरानी जरूर लग सकती है परंतु विचारों को झकझोर सकती है.
सबसे पहले कहानी की बात
फिल्म में दो परिवार की कहानी साथ-साथ चलती है. एक तरफ है मिश्रा परिवार और दूसरी तरफ है सोलंकी परिवार. मिश्रा परिवार पटना से मुंबई आया है. मिश्रा परिवार के मुखिया हैं- अनुपम खेर, जिनके पोते बने हैं- आयुष्मान खुराना यानी प्रेम मिश्रा. आयुष्मान मुंबई में फिल्मों में गीत-संगीत की फील्ड में अपनी मनचाही मंजिल हासिल करने के लिए स्ट्रगल कर रहा है. इसी दौरान उसे शरवरी वाघ यानी पूर्वा सोलंकी से मुलाकात होती है. प्रेम को पूर्वा पसंद है और पूर्वा भी प्रेम को पसंद करती है लेकिन पूर्वा के साथ एक बड़ी समस्या ये है कि एक बड़ी सी हवेली में उसके संयुक्त परिवार में दादी, नानी, बूआ आदि बुजुर्ग महिलाओं की जिम्मेदारी उसके कंधे पर है.पेशे से जर्नलिस्ट पूर्वा अकेली कामकाजी लड़की होने के चलते शादी नहीं करना चाहती. घर की इन महिलाओं की जरूरतों को पूरी करने के लिए वह इनके साथ ही रहना चाहती हैं. ऐसे में प्रेम मिश्रा बड़ा दिल दिखाता है और अपने पूरे परिवार के साथ पूर्वा के घर में रहने का प्लान तैयार करता है. दोनों की शादी होती है और दोनों के दो संयुक्त परिवार एक हवेली की छत के नीचे साथ-साथ रहने आ जाते हैं. लेकिन सबकी जिंदगी में इसके बाद क्या-क्या व्यावहारिक कठिनाइयां आती हैं और कहानी में क्या-क्या होता है- यह प्रयोग कितना सफल होता है या फिर महज आदर्शवादी कल्पना का ख्याली पुलाव साबित होता है, ये जानने के लिए थियेटर का रुख करें.
इस कहानी में नया क्या है?
शुरुआत में ही मैंने बताया कि राजश्री की फिल्मों की कहानियां मोटे तौर पर मिलती जुलती हैं- शादी और संयुक्त परिवार राजश्री की फिल्मों का पेटेंट सब्जेक्ट है. लेकिन शादी की हर कहानी एक संदेश लिये हुये होती है. ये प्रेम मोल लिया की कहानी पुराने दौर की भावुकता की बजाय व्यावहारिक विचारों पर अधिक फोकस करती है. सोलंकी और मिश्रा परिवार यानी दो अलग-अलग बिरादरी के बीच औपचारिक रिश्ता होता है. फिल्म के अंदर कई प्रसंगों के जरिए पूर्वा और प्रेम बारी-बारी से अपने-अपने हिस्से की जिम्मेदारी को साबित करते हैं और कहते हैं- जिम्मेदारी तो निभानी है क्योंकि प्यार जो किया है.
फिल्म के डायरेक्टर और राइटर सूरज बड़जात्या हैं. उन्होंने इस फिल्म में प्रैक्टिकल लाइफ और एक-दूसरे के प्रति जिम्मेदारी का दायित्व निभाने के लिए कई पुराने रीति-रिवाजों का भी परित्याग किया है. एक तो फिल्म में रिश्ते के आगे जाति बंधन को खत्म किया. दूसरे कि मायका और ससुराल या फिर बहु और दामाद जैसे पुराने प्रतिमान को ध्वस्त किया. उसे जवाबदेही से जोड़ा. फिल्म में जब पूर्वा अपने घर की बुजुर्ग और बीमार लाचार महिलाओं को छोड़कर ससुराल नहीं जाने की ठान लेती है तो प्रेम बगावत कर बैठता है कि किस वेद, पुराण या संविधान में लिखा है कि लड़की ही लड़के के घर जाएगी.
इसके अलावा भी फिल्म में कई जगहों पर उन विचारों को दरकिनार किया जाता है जो महानगरीय जीवन जीने में और प्रगतिशील सोच अपनाने में बाधा बनते हैं. मसलन वास्तु को लेकर बड़ा ही दिलचस्प हल निकाला जाता है. फिल्म ऐसे कई प्रसंगों में खूब हंसाती है और नये-नये विचारों को भी सामने रखती हैं. ये प्रसंग स्वाभाविक हैं हर परिवार इससे अक्सर सामना करता है.
कलाकारों का अभिनय और गीत-संगीत
आयुष्मान खुराना राजश्री की इस फिल्म में नायक हैं और शरवरी वाघ मुख्य अभिनेत्री. सलमान खान कभी राजश्री की फिल्मों के हीरो होते थे लेकिन सलमान की अब उम्र हो चुकी है और एक्शन फिल्मों में मशगूल हैं. आयुष्मान खुराना की छवि फिलहाल फैमिली ड्रामा के अनुकूल है. हालांकि आयुष्मान का अपना अंदाज है जो प्रेम मिश्रा के किरदार के साथ कहीं सुटेबल भी लगता है और कहीं हल्का. हालांकि उनके अभिनय में कोई कमी नहीं हैं. शरवरी वाघ ने एक्शन रोल में भी अपनी अलग छवि बनाई है, बावजूद इसके इस फैमिली ड्रामा में पूर्वा के रोल में बेहतर दिखी हैं. उसके अभिनय ने सभी भावों को पकड़ा है.आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ के अलावा फिल्म में अनुपम खेर दादा के रोल में बहुत ही परफेक्ट हैं जो कि बड़े ही प्रोग्रेसिव सोच के हैं. वहीं आयुष्मान के पिता के रोल में स्वानंद किरकिरे तो मां के रोल में गीता अग्रवाल शर्मा और घर की अन्य बुजुर्ग महिलाओं के तौर पर सीमा पाहवा, सु्प्रिया पाठक और सुरभि तिवारी के रोल को भी वाजिब जगह मिली हैं.इस बार हिमेश रेशमिया का संगीत यादगार रहने वाला है. खास तौर पर टाइटल ट्रैक… ये प्रेम मोल लिया… और झुमका पटोला… को काफी पसंद किया जाने वाला है. वहीं मनोज कुमार की सिनेमैटोग्राफी फिल्म में भव्यता पैदा करती है. मुंबई जैसे बहुमंजिली इमारत वाले शहर में सोलंकी निवाल की हवेली थोड़ी अटपटी लगती है लेकिन कहानी इसी पर केंद्रित है तो इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता.
फिल्म में कमियां क्या-क्या हैं?
ये प्रेम मोल लिया में कुछ कमियां भी हैं. ऐसा लगता है उसकी तरफ विशेष ध्यान नहीं दिया गया. यानी उसकी डिटेलिंग नहीं की गई. आयुष्मान खुराना का मिश्रा परिवार पटना से आया है, लेकिन ना तो कहानी में ना ही तस्वीरों में पटना कहीं दिखाई देता है. मिश्रा परिवार बिहार से है लेकिन उनकी बोलचाल की भाषा में बिहारी शैली की कोई छाप नहीं है. कभी-कभार गीता अग्रवाल की जुबान से छठी मईया या फिर पटनिया लहजा सुनने को मिल जाता है लेकिन ना तो आयुष्मान और ना ही स्वानंद अपने संवादों में बिहार के लहजे को छू पाते हैं.फिल्म में दादा जी बनारस जाते हैं वहां की छोटी तस्वीर और आखिरी में जब दर्शक उठकर जाने लगते हैं तब छठ का गीत और गंगा नदी के किनारे छठ पूजा की तस्वीर थोड़ी खलती है. ऐसे प्रसंगों से फिल्म में पूर्वी भारत का आधार तो बताने की कोशिश तो की जाती है लेकिन पूरी कहानी मुंबई में घटती है.इसके बावजूद ये प्रेम मोल लिया में भावना और नये विचारों का तालमेल इतनी खूबसूरती से हुआ है कि ये कमियां कहानी को हल्की नहीं बनाती. दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करती है.















