परिसीमन बिल पर डीएमके के रुख में बदलाव के संकेत मिले हैं. सूत्रों के मुताबिक, पार्टी ने मोदी सरकार के सामने लोकसभा की सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी का प्रावधान जोड़ने की शर्त रखी है.महिला आरक्षण और लोकसभा सीटों के परिसीमन को लेकर संसद में एक बार फिर सियासी घमासान के आसार हैं. इस बीच विपक्षी दलों में शामिल रही डीएमके के रुख में बदलाव के संकेत मिले हैं. सूत्रों के मुताबिक, तमिलनाडु की सत्तारूढ़ पार्टी डीएमके ने परिसीमन बिल पर समर्थन देने के लिए केंद्र सरकार के सामने एक शर्त रखी है. पार्टी चाहती है कि विधेयक में लोकसभा की मौजूदा सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी का प्रावधान जोड़ा जाए.
दिलचस्प बात यह है कि डीएमके कुछ महीने पहले तक परिसीमन के खिलाफ मुखर थी. पार्टी ने इसके विरोध में विधानसभा से प्रस्ताव भी पारित कराया था. इतना ही नहीं, विधानसभा चुनाव के दौरान डीएमके नेताओं और समर्थकों ने काले कपड़े पहनकर परिसीमन के खिलाफ प्रदर्शन किया था. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर 10 महीने में ऐसा क्या हुआ कि पार्टी के रुख में बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं?परिसीमन बिल को लेकर कांग्रेस सांसद मनोज कुमार ने बड़ा दावा किया है. उन्होंने बताया कि बुधवार को हुई स्टैंडिंग कमेटी की बैठक के दौरान उनकी डीएमके के कुछ सांसदों से बातचीत हुई थी. इस दौरान जब उन्होंने परिसीमन बिल पर पार्टी का रुख जानना चाहा तो सांसदों ने कहा कि कुछ शर्तों के साथ डीएमके सरकार का समर्थन कर सकती है.
मनोज कुमार ने स्पष्ट किया कि उन्हें उन शर्तों की सटीक जानकारी याद नहीं है. उन्होंने इसे अपने लिए हैरान करने वाला बताया क्योंकि उन्हें लगता था कि डीएमके किसी भी स्थिति में इस विधेयक का समर्थन नहीं करेगी. उनके मुताबिक, पार्टी का अंतिम फैसला उसके शीर्ष नेतृत्व को लेना है और इसके लिए 30 नवंबर तक इंतजार करना होगा.
डीएमके प्रवक्ता टीकेएस एलंगोवन ने कही ये बात
वहीं, डीएमके प्रवक्ता टीकेएस एलंगोवन ने कहा कि पार्टी ने पहले वाले परिसीमन बिल का विरोध किया था, लेकिन नए विधेयक को देखने के बाद ही अपना रुख तय करेगी. उन्होंने कहा कि पहले यह समझना जरूरी है कि सरकार ने नए बिल में क्या बदलाव किए हैं और क्या राज्यों के हितों का ध्यान रखा गया है. अगर राज्यों की चिंताओं और सुझावों को जगह दी गई होगी तो पार्टी उस पर विचार कर सकती है.















