मुजफ्फरनगर। विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के उद्यमियों और औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को उद्यमियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि औद्योगिक क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने और उद्यमियों को होने वाली परेशानियों को दूर करने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में सबसे पहले बेगराजपुर इंडस्ट्रियल एरिया में आधारभूत सुविधाओं के विकास का मुद्दा उठाया गया। इस पर जिलाधिकारी ने यूपीसीडा के अधिकारियों को औद्योगिक क्षेत्र में पार्क के विकास, नाली-नालों की सफाई एवं मरम्मत, बाउंड्री वॉल की मरम्मत तथा आवश्यक निर्माण कार्यों को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही वहलना चौक और सुजडू औद्योगिक आस्थान में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग और नगर पालिका परिषद के अधिकारियों को रोस्टर निर्धारित करने को कहा।
वहलना चौक सहित जनपद के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठाया गया। जिलाधिकारी ने एनएचएआई के अधिकारियों को आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने और दुर्घटना संभावित स्थानों पर उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस कार्य को पूरा करने के लिए एक सप्ताह की समयसीमा निर्धारित की गई। वहीं, जोली रोड की क्षतिग्रस्त सड़क के संबंध में लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता ने बताया कि सड़क पर पैचवर्क का कार्य शुरू करा दिया गया है और इसे शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा।
बैठक में उद्यमियों द्वारा रखी गई अन्य समस्याओं पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर आवश्यक कार्रवाई कर समस्याओं का समाधान करने के कड़े निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार सिंह, उपायुक्त उद्योग जैस्मिन सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। बैठक का संचालन सहायक आयुक्त उद्योग आशीष कुमार ने किया।















