कुवैत में गुरुवार को हुए ड्रोन हमले में इटली के दो नागरिकों की मौत हो गई. इटली और कुवैत ने इस हमले के लिए ईरान को जिम्मेदार बताया है. हालांकि, ईरान ने हमले में अपना हाथ होने से इनकार किया है. मारे गए दोनों लोग जर्मनी की रक्षा कंपनी राइनमेटल की इटली स्थित कंपनी Rheinmetall Italia में टेक्नीशियन थे. वे कुवैत में हवाई हमलों का पता लगाने वाले एक डिफेंस सेंटर में काम कर रहे थे.इटली के विदेश मंत्री एंटोनियो तजानी ने संसद में बताया कि गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे ईरान में बने कई ड्रोन ने कुवैत के सैन्य ठिकानों पर हमला किया. इनमें वह केंद्र भी शामिल था, जहां दोनों इतालवी नागरिक काम कर रहे थे. हमले के दौरान जोरदार धमाका हुआ और दोनों तकनीशियनों की मौत हो गई.ख,
हमले में कुवैत और पाकिस्तान के नागरिक भी घायल
कुवैत के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, उसकी सेना ने हवाई क्षेत्र में कई ड्रोन देखे और उन्हें रोकने की कोशिश की. इस दौरान एक सैन्य ठिकाने पर ड्रोन का मलबा गिरा. इससे चार लोग घायल हो गए. इनमें दो इतालवी, एक कुवैती और एक पाकिस्तानी नागरिक शामिल थे. बाद में दोनों इतालवी नागरिकों की मौत हो गई. हमले में संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा.इटली के विदेश मंत्री तजानी ने बताया कि पाकिस्तानी नागरिक और कुवैत की सेना का एक अधिकारी भी घायल हुआ है. उन्होंने कहा कि इटली इस मामले में ईरानी दूतावास में शिकायत दर्ज कराएगा. उन्होंने ईरान से उन अरब देशों पर हमले रोकने की अपील भी की, जो इस युद्ध में शामिल नहीं हैं.
ईरान ने हमले में शामिल होने से किया इनकार
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कुवैत और इटली के विदेश मंत्रियों से फोन पर बात की. उन्होंने हमले में ईरान का हाथ होने से इनकार किया और मामले की संयुक्त जांच कराने की पेशकश की. ईरान के सैन्य प्रवक्ता अबोलफजल शेकारची ने भी कहा कि ईरानी सेना ने इस इलाके में कोई हमला नहीं किया. ईरान ने आरोप लगाया कि अमेरिका और प इस घटना के जरिए क्षेत्र में तनाव बढ़ाने की कोशिश कर सकते हैं. हालांकि, उसने इस दावे के समर्थन में कोई सबूत नहीं दिया. रोम स्थित ईरानी दूतावास ने भी हमले में ईरान की भूमिका से इनकार किया.















