मुजफ्फरनगर। रीवा जिले के झीनना में भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक की मध्य प्रदेश इकाई की ओर से एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में रीवा संभाग के करीब 500 कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। प्रशिक्षण के दौरान संगठन को मजबूत करने, किसानों की समस्याओं की पहचान करने और उनके समाधान के लिए प्रभावी तरीके अपनाने की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष जगदीश सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष महेंद्र सिंह, अमृत लाल, इंद्रजीत पाठक और मुकेश सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि संगठन में पद से अधिक महत्वपूर्ण कर्तव्य का पालन है।राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेंद्र मलिक ने कहा कि किसान संगठन भीड़ से नहीं, बल्कि किसानों के भरोसे से चलता है। उन्होंने संगठन को मजबूत करने के लिए सदस्य, संवाद, समस्या, प्रमाण और सामूहिक समाधान को पांच प्रमुख आधार बताया। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं को समझकर प्रमाण के साथ उठाने और सामूहिक प्रयास से समाधान कराने की दिशा में काम किया जाना चाहिए।
युवा प्रदेश अध्यक्ष दिगंबर सिंह ने कहा कि युवाओं को समय रहते संगठन में जिम्मेदारी देने से प्रभावी कार्यकर्ताओं का निर्माण किया जा सकता है। किसान संगठन का काम केवल आंदोलन के समय भीड़ जुटाना नहीं, बल्कि पूरे वर्ष किसानों के बीच सक्रिय रहना है। बुवाई से लेकर कटाई और उत्पादन से लेकर खरीद तक किसानों की समस्याओं को उठाना जरूरी है। साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए ग्राम स्तर पर समस्या और समाधान का रजिस्टर तैयार किया जाना चाहिए।
मध्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश सिंह ने कहा कि सतना और रीवा में किसानों की जमीन और प्राकृतिक संसाधनों से जुड़े मुद्दे गंभीर हैं। उन्होंने संसाधनों में स्थानीय किसानों की भागीदारी और मुनाफे में उनका उचित हिस्सा सुनिश्चित करने की मांग उठाई।















