बांदा। जिसे आप परिवार कहते हैं, वही परिवार अगर अपराध की पाठशाला बन जाए तो क्या होगा तिंदवारी थाने की पुलिस ने ऐसे ही एक खूनी रिश्तों वाले चोर गैंग का पर्दाफाश किया है जिसे सुनकर आपके होश उड़ जाएंगे। जी हां, ये कोई फिल्मी कहानी नहीं, बांदा की हकीकत है। एसपी पलाश बंसल के ऑपरेशन शिकंजा’ के तहत टीम ने रात के अंधेरे में तिंदवारी के पास जाल बिछाया और पूरे गैंग को पकड़ लिया। हमीद और उसकी पत्नी नर्गिस निवासी भगवती नगर, तिंदवारी साथ में उनका एक नाबालिग बच्चा जिसे इन्होंने चोर बना दिया। ये तीनों दिन में कबाड़ बीनने या घूमने के बहाने गांव-गांव घूमते थे। बंद घर देखते ही आंखें चमक जाती थीं।
फिर रात होते ही ताला तोड़ते थे पति-पत्नी, और फिर अपने ही मासूम बच्चे को खिड़की से घर के अंदर धकेल देते थे। बच्चा अंदर से अलमारी, बक्से खंगाल कर लाखों के जेवर और कैश लाता था, जबकि बाहर मां-बाप पहरा देते थे कि कोई आ तो नहीं रहा।थाना तिंदवारी क्षेत्र में गुजरतिया, शिवप्रसाद, जगप्रसाद, दुर्गेश के घरों में हुई लगातार चोरियों से पूरा इलाका दहशत में था। पुलिस ने जब इनकी कुंडली खंगाली तो 20 लाख का माल निकला। पुलिस ने गले के 2 हार, 2 चेन, झुमका, लटकन, कुंड-,5 जोड़ी चांदी की पायल, 6 कंगन, कमरबंध, 9 बिछिया और 54,100 रुपए नगद बरामद किया।























































