मुजफ्फरनगर। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत जिले में 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, त्रुटियों में सुधार कराने और किसी कारणवश विलोपित हुए नामों को दोबारा शामिल कराने के लिए नागरिकों से आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुनील कुमार के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन देश दीपक सिंह की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभागार में सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने बताया कि एक जनवरी 2027 को अर्हता तिथि मानते हुए विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कराया जा रहा है। इसके अंतर्गत 28 नवंबर और 29 नवंबर को विशेष अभियान की तिथियां निर्धारित की गई हैं। इन दोनों दिनों में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर आम नागरिकों से मतदाता सूची में नाम शामिल कराने सहित अन्य आवश्यक आवेदन प्राप्त करेंगे।
उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य ऐसे पात्र नागरिकों की पहचान करना है, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया है अथवा किसी कारणवश सूची से हट गया है। पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का अवसर दिया जाएगा। उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए कि वे निर्धारित दोनों तिथियों पर अपने-अपने क्षेत्रों के मतदान केंद्रों का लगातार भ्रमण करें और बीएलओ की उपस्थिति सुनिश्चित कराते हुए आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया का निरीक्षण करें।
अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने भ्रमण की रिपोर्ट संबंधित क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर को उपलब्ध कराएंगे, ताकि अभियान की निगरानी प्रभावी ढंग से की जा सके। बैठक में उप जिलाधिकारी कलेक्ट्रेट सहित सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।















