मुजफ्फरनगर। धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे का संदेश देते हुए समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधान परिषद प्रत्याशी गौरव कुमार जैन ने भगवान खाटू श्याम बाबा का पवित्र निशान उठाकर देश और प्रदेश में सुख-शांति, समृद्धि तथा सामाजिक एकता की कामना की। मुजफ्फरनगर के ऐतिहासिक शिवचौक से प्रारंभ हुई निशान यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साह और भक्तिभाव के साथ भाग लिया। बाबा श्याम के जयकारों के बीच यात्रा नई मंडी स्थित बालाजी धाम के समीप खाटू श्याम धाम पहुंची, जहां गौरव कुमार जैन ने अपने साथियों के साथ विधि-विधान से बाबा के चरणों में निशान अर्पित किया। इस अवसर पर गौरव जैन ने प्रार्थना करते हुए कहा कि देश और प्रदेश में सुख-शांति एवं समृद्धि बनी रहे, प्रत्येक परिवार में खुशहाली आए तथा समाज से सांप्रदायिकता और आपसी वैमनस्य समाप्त हो।
उन्होंने कहा कि धर्म के नाम पर समाज को बांटने वाली शक्तियां कमजोर होनी चाहिए और सभी लोगों के बीच प्रेम, विश्वास एवं भाईचारा मजबूत होना चाहिए। भारतीय संस्कृति की सबसे बड़ी विशेषता अनेकता में एकता और सर्वधर्म सद्भाव है। धर्म हमें प्रेम, करुणा, सेवा, त्याग और मानवता का संदेश देता है। इसका वास्तविक उद्देश्य इंसान को इंसान से जोड़ना है, न कि समाज में नफरत और विभाजन की दीवारें खड़ी करना। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज को आपसी विश्वास, प्रेम और सामाजिक सौहार्द की सबसे अधिक आवश्यकता है। किसी भी धर्म की आस्था को राजनीतिक अथवा सामाजिक विभाजन का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए।
धार्मिक आयोजनों की सार्थकता तभी है, जब उनसे समाज में परस्पर सम्मान और सद्भाव की भावना मजबूत हो। निशान यात्रा के दौरान श्याम भक्तों ने जयकारे लगाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर अपने परिवारों सहित देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की मंगलकामना की। इस दौरान गौरव कुमार जैन के साथ अंकुर जैन भगत जी, अश्वनी जैन, दीपेश जैन, सिद्धांत जैन, तनिष्क, ख्वाईश जैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं श्याम भक्त मौजूद रहे।















