बांदा। रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज बांदा में एक बार फिर स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खुल गई है। परिजनों ने इमरजेंसी स्टाफ पर गंभीर आरोप लगाए हैं कि ब्लड न मिलने और समय पर इलाज न होने के कारण 40-42 वर्षीय हरिप्रसाद की मौत हो गई। मृतक के भतीजे अभय ने कैमरे पर अपनी आपबीती सुनाई, तो सुनने वालों की आंखें नम हो गईं। हरिप्रसाद को परसों अचानक बुखार आया और बवासीर की वजह से ब्लड गिर रहा था। गांव में इलाज कराया, लेकिन हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें बुधवार की रात 8 से 9 बजे के बीच बांदा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराने लेकर पहुंचे। परिजनों को उम्मीद थी कि यहां इलाज मिल जाएगा, लेकिन आरोप है कि यहां उन्हें सिर्फ निराशा और लापरवाही मिली। म्रतक के भतीजे अभय का कहना है कि इमरजेंसी ओपीडी में ड्यूटी पर तैनात स्टाफ ने ब्लड चढ़ाने से साफ मना कर दिया। अभय ने बताया स्टाफ बोल रहा था, ब्लड हमारे पास है नहीं और हम देंगे भी नहीं। आप जो भी होगा, सुबह होगा। मैंने रात 12 से 1 बजे के बीच ब्लड का इंतजाम भी कर लिया था, पर उन्होंने मेरी एक नहीं सुनी।
अभय का कहना है कि एक यूनिट ब्लड चढ़ाने के लिए पहले पैसा मांगा गया मुझसे ब्लड के लिए 10 हजार रुपए पहले बोले थे। मैंने कहा, एक यूनिट चढ़ा दीजिए, पैसा जमा कर लीजिए, सुबह डोनर से वापस करा देंगे। पर उन्होंने ब्लड दिया ही नहीं, मुझे वहां से भगा दिया। अभय का आरोप है कि पूरी रात इमरजेंसी में कोई भी जूनियर या सीनियर डॉक्टर मरीज को देखने नहीं आया। मैं डॉक्टर का फोन नंबर मांग रहा था, किसी को फोन तक नहीं लगाया। स्टाफ कह रहा था, मैडम जग जाएंगी तो हमारे ऊपर चिल्लाएंगी। परिजन का सवाल है कि अगर इमरजेंसी में ही डॉक्टर नहीं आएगा, तो मरीज कहां जाएगा? क्या गरीब की जान की कोई कीमत नहीं है? मृतक के परिजनों ने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उनका कहना है कि स्टाफ और डॉक्टरों की लापरवाही की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि किसी और परिवार के साथ ऐसा हादसा न हो।















