मुजफ्फरनगर। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फालौदा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पुरकाजी, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर सिसौना तथा उपकेंद्र सिसौना पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी सेवाओं, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों की उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता, मरीजों को दिए जा रहे उपचार तथा स्वास्थ्य केंद्रों में साफ-सफाई की स्थिति की जांच की। इसके साथ ही हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर और उपकेंद्र पर संचालित मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, नियमित टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच तथा अन्य प्राथमिक चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने संबंधित चिकित्सा अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर सेवाओं का नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए।
मरीजों को समय पर उपचार और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाएं। स्वास्थ्य इकाइयों में साफ-सफाई, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए। उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, नियमित टीकाकरण तथा शासन की ओर से संचालित राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर विशेष जोर दिया। डॉ. तेवतिया ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर ही बेहतर और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्वास्थ्य केंद्रों की नियमित निगरानी की जाएगी, ताकि आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सके।















