मुजफ्फरनगर में अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी नेटवर्क का पर्दाफाश, 3648 फर्जी सिम के जरिए विदेश तक फैला था जाल

मुजफ्फरनगर। साइबर अपराध के खिलाफ मुजफ्फरनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कंबोडिया से जुड़े डिजिटल अरेस्ट और फर्जी सिम-ओटीपी सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी नेटवर्क का खुलासा किया है। जांच में 3648 फर्जी सिम कार्ड के इस्तेमाल का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य गरीब और जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर उनके नाम पर सिम कार्ड जारी करवाते थे।

इसके बाद इन सिम कार्ड से जुड़े ओटीपी 150 से 300 रुपये में विदेश में बैठे साइबर अपराधियों को बेच दिए जाते थे। इस नेटवर्क के माध्यम से साइबर ठग लोगों को निशाना बनाकर ऑनलाइन धोखाधड़ी करते थे। पुलिस जांच में व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए संचालित इस गिरोह के काम करने का तरीका भी सामने आया है। गिरोह के सदस्य ई-कॉमर्स कंपनियों के नाम पर ऑर्डर कैंसिल कराने और रिफंड दिलाने का झांसा देकर लोगों के साथ ठगी करते थे। इस मामले में पुलिस ने एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 10 मोबाइल फोन और चार सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के निर्देशन तथा एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण में की गई इस कार्रवाई को साइबर अपराध के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है। साथ ही विदेश में बैठे साइबर अपराधियों और उनके स्थानीय सहयोगियों के बीच संपर्क तथा लेनदेन से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस का मानना है कि इस नेटवर्क के खुलासे से साइबर ठगी के संगठित गिरोहों के काम करने के तरीके को समझने और उनके खिलाफ आगे कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts