बांदा। बबेरू तहसील क्षेत्र अंतर्गत बिसंडा थाना क्षेत्र के मिलाथू गांव में देर शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को हिलाकर रख दिया। धान की फसल काटने खेत गई 16 वर्षीय किशोरी निशा देवी पुत्री उत्तम पटेल को जहरीले सर्प ने डस लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बेटी की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि निशा देवी अपने परिजनों के साथ गांव के बाहर धान के खेत में फसल काटने के लिए गई थी। देर शाम तक सभी लोग खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक खेत में छिपे बैठे एक जहरीले सर्प ने निशा के पैर में काट लिया।सर्प के काटते ही निशा की हालत बिगड़ने लगी। उसे चक्कर आने लगा और वह खेत में ही गिर पड़ी। परिजनों को जैसे ही जानकारी हुई, आनन-फानन में उसे निजी साधन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बबेरू लेकर पहुंचे। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने निशा का परीक्षण किया,
तो उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों का कहना है कि सर्प का जहर तेजी से शरीर में फैल गया था, जिससे अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई थी। बेटी की मौत की खबर सुनते ही मां-बाप, भाई-बहन दहाड़े मारकर रोने लगे। अस्पताल परिसर में भी चीख-पुकार मच गई। गांव में जैसे ही ये खबर पहुंची, सैकड़ों लोग पीड़ित परिवार के घर पहुंच गए। पूरे गांव में मातम पसर गया।बिसंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए शव मर्चरी हाउस भेज दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव में सांप काटने की दवा और एंटी वेनम की व्यवस्था हर स्वास्थ्य केंद्र पर सुनिश्चित की जाए, ताकि समय पर इलाज मिलने से किसी और की जान बच सके।















