होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत छात्राओं को किया जागरूक

मुजफ्फरनगर। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने और बच्चों के सुरक्षित भविष्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गुरुवार को होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज, जड़ौदा में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. राजीव कुमार ने छात्राओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों और इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान विद्यालय परिसर में ‘बाल विवाह मुक्त हो जनपद हमारा’ और ‘बाल विवाह की ना हो बात, शिक्षा-सपनों की दें सौगात’ जैसे नारों से जागरूकता का संदेश दिया गया। डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि बाल विवाह मुक्त भारत अभियान का उद्देश्य वर्ष 2030 तक देश से बाल विवाह की प्रथा को पूरी तरह समाप्त करना है।

उन्होंने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 की जानकारी देते हुए बताया कि भारत में लड़कियों के विवाह की न्यूनतम कानूनी आयु 18 वर्ष और लड़कों की 21 वर्ष निर्धारित है। निर्धारित आयु से पहले विवाह कराना, उसमें शामिल होना या उसे बढ़ावा देना कानूनन अपराध है। इसके लिए दोषियों को दो वर्ष तक कठोर कारावास और एक लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है। उन्होंने छात्राओं को बताया कि कम उम्र में विवाह होने से लड़कियों की शिक्षा प्रभावित होती है तथा उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर भी गंभीर दुष्प्रभाव पड़ते हैं। इससे उनके भविष्य और आत्मनिर्भर बनने के अवसर भी सीमित हो जाते हैं। उन्होंने अपील की कि बाल विवाह की जानकारी मिलने पर चुप न रहें, बल्कि तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 अथवा महिला हेल्पलाइन नंबर 181 पर सूचना दें। कार्यक्रम में छात्राओं को बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाने और समाज को इस कुरीति से मुक्त कराने में सहयोग करने का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवेंद्र दहिया एवं समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts